पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में आत्मघाती हमला, सैन्य चौकी पर धमाके में 15 की मौत

SHARE:

पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत में गुरुवार रात एक बड़ा आत्मघाती आतंकी हमला हुआ। टांक ज़िले स्थित सेना और पुलिस की संयुक्त सुरक्षा चौकी को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में 12 सैन्यकर्मियों सहित 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो पुलिसकर्मी और वन विभाग का एक अधिकारी भी शामिल हैं।

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर के अनुसार, हमलावरों ने पहले चौकी में घुसने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद हमलावरों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी चौकी की दीवार से टकरा दी, जिससे जोरदार धमाका हुआ और पूरी चौकी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में व्यापक अभियान चलाया। सेना का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में 12 आतंकियों को मार गिराया गया। साथ ही पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि किसी अन्य हमलावर की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

धमाके में घायल सुरक्षाकर्मियों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए पूरे टांक ज़िले में धारा 144 लागू कर दी है और लोगों से बिना आवश्यक कारण घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

पाकिस्तान में हाल के महीनों में सुरक्षा बलों पर आतंकी हमलों में बढ़ोतरी देखी गई है। ताजा घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में हाई अलर्ट पर हैं और हमले की विस्तृत जांच जारी है।

Kinni Times
Author: Kinni Times