दिल्ली-UP समेत 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट

SHARE:

उत्तर भारत का मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से पहाड़ी क्षेत्रों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में देखने को मिलेगा। कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-UP में तेज हवाओं और बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम तेजी से बदल सकता है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, लखनऊ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब और हरियाणा में भी मौसम बदलने के संकेत हैं।

राजस्थान और गुजरात में चलेगी भीषण लू

एक तरफ जहां कई राज्यों में बारिश राहत दे सकती है, वहीं राजस्थान और गुजरात में गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। अगले छह दिनों तक इन राज्यों में हीटवेव यानी लू चलने की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी 12 और 13 मई के दौरान गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

बिहार, झारखंड और बंगाल में भी बदलेगा मौसम

पूर्वी भारत के राज्यों बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी मौसम पूरी तरह शांत नहीं रहेगा। अगले कुछ दिनों तक इन राज्यों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी छिटपुट बारिश और बादल छाने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से मिल रही नमी के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।

समय पर पहुंच सकता है मानसून

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार मानसून समय पर केरल पहुंच सकता है। अंडमान-निकोबार क्षेत्र में मानसून की गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। बंगाल की खाड़ी में बनने वाला निम्न दबाव क्षेत्र मानसूनी हवाओं को और मजबूत कर सकता है।

दक्षिण भारत के कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां पहले से तेज बनी हुई हैं, जिससे आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ सकता है।

यह भी पढे

13 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट https://kinnitimes.com/?p=29806

देश में मौसम ने फिर करवट ले ली है https://www.facebook.com/share/p/1ComiQrLvM/

Kinni Times
Author: Kinni Times