देश में मई के महीने में भी मौसम लगातार बदला-बदला नजर आ रहा है। भीषण गर्मी की जगह अब कई राज्यों में बारिश और तेज आंधी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग (IMD) ने 9 मई को यूपी, बिहार समेत 13 राज्यों में बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
IMD के मुताबिक पूर्वी भारत के राज्यों में सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। यहां तेज बारिश के साथ वज्रपात और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं किसानों को खुले मैदानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में बारिश की संभावना फिलहाल कम है, लेकिन गर्मी और लू लोगों को परेशान कर सकती है। राजधानी में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिण भारत के कई राज्यों जैसे तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित जगहों पर रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।








