आरोपितों की आय से अधिक संपत्तियां होंगी अटैच

SHARE:

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार किए गए आठों आरोपितों के खिलाफ जांच अब और तेज हो गई है। पुलिस उन संपत्तियों की पहचान कर रही है जो आरोपितों की घोषित आय से अधिक पाई जाती हैं। जांच पूरी होने के बाद ऐसी संपत्तियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत अटैच (कुर्क) करने की तैयारी की जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपितों से जुड़े निवेश, जमीनों की खरीद, बैंक दस्तावेज, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), आभूषण, नकदी और अन्य महंगी संपत्तियों से संबंधित कई अहम दस्तावेज मिले हैं। इसके साथ ही आरोपितों के बैंक खातों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

मुख्य आरोपित अविनाश शुक्ल से मंडल कारागार में पुलिस ने कई घंटों तक गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उससे कथित रूप से खर्च किए गए धन के स्रोत, बरामद नकदी और अन्य आरोपितों की संपत्तियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। पुलिस को पूछताछ से कई नए सुराग मिलने का दावा किया जा रहा है।

इस मामले में पुलिस अब तक 60 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है या उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है। जांच के दौरान राम मंदिर से जुड़े पदाधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों से भी नियुक्ति, सत्यापन और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी ली गई है।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि कई आरोपित साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से होने के बावजूद हाल के वर्षों में उन्होंने महंगी जमीनें खरीदीं, नए मकान बनवाए, होटल-रेस्टोरेंट में निवेश किया और लग्जरी वाहन व अन्य कीमती सामान खरीदे। इन्हीं संपत्तियों के स्रोत की अब विस्तार से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि जांच में यह साबित होता है कि आरोपितों ने अपनी वैध आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है, तो अदालत की अनुमति लेकर उन संपत्तियों को अटैच करने की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जांच में मिले नए साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

यह भी पढे

सस्ता हुआ 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर https://kinnitimes.com/?p=30826

Kinni Times
Author: Kinni Times