नीट पेपर लीक मामले और छात्र आंदोलन के दौरान बेउर जेल भेजे जाने के बाद बाहर निकले जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा हमला बोला है। जेल से रिहाई मिलने के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तेज प्रताप यादव का गुस्सा मुख्यमंत्री पर जमकर फूटा है।
भोलेनाथ को जल चढ़ाने की सलाह भी दे डाली
तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए लिखा, “बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद। आखिरकार मुझे जेल भेजकर आपने मुझे जनता के बीच और मजबूती से खड़ा होने का अवसर दिया। इसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं संघर्ष से डरने वाला नहीं हूं।” उन्होंने आगे कहा कि जनता की आवाज उठाना उनका कर्तव्य है और वे इसे हमेशा उठाते रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने तंज भरे लहजे में सीएम को सांवरी शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने की सलाह भी दे डाली।
भावना से की गई कार्रवाई बता रहे
गौरतलब है कि 25 जुलाई को छात्र संगठनों द्वारा बुलाए गए ‘बिहार बंद’ के दौरान पुलिस ने तेज प्रताप यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेज दिया था। हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई को लेकर विपक्षी दल और जनशक्ति जनता दल के कार्यकर्ता लगातार बिहार सरकार की घेराबंदी कर रहे हैं और इसे राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई बता रहे हैं।







