काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का शुभारंभ, उपराष्ट्रपति और CM योगी ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन

SHARE:

वाराणसी में शनिवार को काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इससे पहले दोनों नेताओं ने काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

काशी-तमिल संगमम में शामिल होने के लिए तमिलनाडु से 250 छात्र वाराणसी पहुंचे हैं। इन सभी छात्रों ने सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में छात्रों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सीएम योगी ने तमिलनाडु से आए प्रतिभागियों का किया स्वागत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तमिलनाडु से आए सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मां गंगा के पावन तट पर बाबा विश्वनाथ की नगरी में तमिलनाडु से आए लोगों का स्वागत करके उन्हें आनंद की अनुभूति हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी-तमिल संगमम अब भारतीय संस्कृति और परंपरा का उत्सव बन चुका है। यहां भाषाएं अलग-अलग हैं, लेकिन सभी के भाव एक हैं। परंपराएं भले ही विविध हों, लेकिन देश की संस्कृति एक है। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के लक्ष्य की भावना है।

12 दिसंबर तक चलेगा काशी-तमिल संगमम

सीएम योगी ने कहा कि काशी-तमिल संगमम के माध्यम से तमिल की प्राचीन ज्ञान परंपरा और उसके जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन देश की सांस्कृतिक एकता, भाषाई विविधता और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम है।

काशी-तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 12 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान तमिलनाडु और काशी के बीच सांस्कृतिक, शैक्षणिक और पारंपरिक संबंधों को आगे बढ़ाने से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस आयोजन के जरिए देश की विविध भाषाओं और परंपराओं के बीच एकता का संदेश दिया जा रहा है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई