नेपाल में हिंसा के बाद हड़कंप! भारत सीमा से सटे इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू

SHARE:

नेपाल के मधेश प्रांत स्थित सिराहा जिले में दो गुटों के बीच भड़की हिंसक झड़प में एक युवक की मौत के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। हिंसा की आग तेजी से फैलने और माहौल बिगड़ने के खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने भारत की सीमा से सटे जनकपुर, सिराहा और सप्तरी जिलों के विभिन्न हिस्सों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है।

कार्रवाई में कई अन्य लोग भी घायल हुए
सिराहा जिले के गोलबाजार इलाके से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान उपद्रवियों ने सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाया और गोलबाजार में खड़े करीब 11 वाहनों और कई दुकानों में आगजनी व तोड़फोड़ की। इस हिंसा में 19 वर्षीय गणेश यादव नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं झड़प और पुलिस की कार्रवाई में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
तनाव को नियंत्रित करने के लिए नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को भारी संख्या में तैनात किया गया है। धनुषा जिले के जनकपुरधाम उप-महानगरपालिका, सिराहा के लहान व गोलबाजार और सप्तरी के राजविराज क्षेत्र में कर्फ्यू सख्त कर दिया गया है। चूंकि ये इलाके बिहार की भारतीय सीमा से बेहद करीब हैं, इसलिए सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Kinni Times
Author: Kinni Times