भारत के 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को बधाई देते हुए भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भूमिका की जमकर सराहना की। अपने आधिकारिक संदेश में पुतिन ने भारत के वैश्विक मंच पर प्रभाव, उसकी साख और सक्रिय कूटनीतिक भूमिका की तारीफ की।
पुतिन ने दी प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू को शुभकामनाएं
राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सीधे संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भेजीं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि भारत न केवल अपने क्षेत्र में बल्कि दुनियाभर के अहम मसलों को हल करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
भारत को वैश्विक मंच पर मिली साख का वह हकदार है – पुतिन
पुतिन ने कहा,
“भारत दुनिया के मंच पर अपनी बखूबी हासिल की गई साख का हकदार है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे अहम मुद्दों को हल करने में सक्रिय भूमिका निभाता है।”
उनका यह बयान भारत की लगातार बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता और नेतृत्व क्षमता को उजागर करता है, खासकर जब भारत G20 अध्यक्षता जैसे महत्वपूर्ण पदों को संभाल चुका है।
भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी को देते हैं अहमियत
पुतिन ने भारत-रूस के बीच “विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी” को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि भारत और रूस मिलकर भविष्य में हर क्षेत्र में रचनात्मक सहयोग को और गहरा करेंगे, जिससे दोनों देशों के लोगों को लाभ होगा।
“यह हमारे दोस्ताना देशों के हित में है और क्षेत्रीय व वैश्विक स्तर पर सुरक्षा व स्थिरता को मजबूत करने की दिशा में है।”
मोदी-पुतिन के बीच हालिया बातचीत
बता दें कि कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें दोनों नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी। इसके बाद पुतिन का यह बयान भारत-रूस संबंधों में एक नया सकारात्मक संकेत माना जा रहा है
यह बधाई संदेश ऐसे समय आया है जब अमेरिका और रूस के बीच तनाव के बावजूद भारत रूस से तेल सहित अन्य आर्थिक सौदों में सहयोग कर रहा है। अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाने की चर्चा के बीच, रूस और भारत के बीच संबंध और भी घनिष्ठ होते दिख रहे हैं।




