दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश का कहर: कालकाजी में पेड़ गिरने से एक की मौत, कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम

SHARE:

स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार तड़के से हो रही मूसलाधार बारिश ने जहां गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

गुरुवार सुबह लाजपत नगर, आरके पुरम, लोधी रोड, दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। दिल्ली के कालकाजी में एक बड़ा हादसा भी हो गया—तेज बारिश और हवा से एक पेड़ गिरने से बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

मौसम विभाग के अनुसार, आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 25°C के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग ने बताया कि हल्की बारिश का यह दौर अगले एक सप्ताह तक जारी रह सकता है।

गुरुग्राम में भी बारिश से बदल गया मौसम

गुरुग्राम में सुबह-सुबह हुई 44 मिमी बारिश से तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने रहेंगे।

इस बार स्वतंत्रता दिवस भी बारिश की फुहारों के बीच मनाया जाएगा, जिससे राजधानी का मौसम और भी खुशनुमा रहेगा। वहीं, 16 अगस्त को जन्माष्टमी पर भी बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *