रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के दूसरे सीजन का शानदार समापन हो गया है। छह सप्ताह तक चले इस शो में कई उतार-चढ़ाव, दोस्ती, टकराव और रोमांच देखने को मिला। आखिरकार शहजाद पूनावाला ने सभी प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए विजेता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
शहजाद को जीत के साथ 35 लाख रुपये की इनामी राशि भी मिली। लेकिन उनकी जीत से ज्यादा चर्चा उनके उस ऐलान की हो रही है, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।
दरअसल, शो के ग्रैंड फिनाले में विजेता घोषित होने के बाद शहजाद पूनावाला ने मंच से घोषणा की कि वह अपनी पूरी 35 लाख रुपये की प्राइज मनी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए दान करेंगे। उन्होंने बताया कि यह रकम असम और बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री राहत कोष में दी जाएगी।
ये रहे शो के टॉप कंटेस्टेंट
ग्रैंड फिनाले में छह प्रतियोगियों ने जगह बनाई थी। फिनाले के दौरान हुए अलग-अलग टास्क के बाद निहारिका तिवारी शो से बाहर हो गईं। इसके बाद करण पटेल और स्वरा भास्कर का सफर भी समाप्त हो गया।
आखिर में प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी और शहजाद पूनावाला टॉप तीन में पहुंचे। क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने विजेता के नाम की घोषणा की और शहजाद पूनावाला को सीजन 2 का चैंपियन घोषित किया।
प्रियंका चाहर चौधरी फर्स्ट रनरअप रहीं, जबकि गौतम गुलाटी ने दूसरा रनरअप स्थान हासिल किया।
जीत के बाद शहजाद ने क्या कहा?
अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए शहजाद ने कहा कि इस शो का सफर उनके लिए आसान नहीं था। उन्हें लगातार खुद को परिस्थितियों के अनुसार ढालना पड़ा और कई मुश्किलों के बावजूद आगे बढ़ते रहना पड़ा।
उन्होंने कहा कि कई बार उनके मन में संदेह आया, लेकिन उन्हें भीतर से विश्वास था कि वह यह शो जीत सकते हैं। आज ट्रॉफी हासिल करके उनका वह भरोसा सच साबित हुआ।
बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए देंगे पूरी इनामी राशि
शहजाद ने अपनी विनिंग स्पीच में दोहराया कि उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि जीतने पर मिलने वाली रकम जरूरतमंद लोगों के लिए इस्तेमाल करेंगे। इसी वादे को पूरा करते हुए उन्होंने असम और बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए 35 लाख रुपये दान करने का ऐलान किया।
उनके इस फैसले की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। रियलिटी शो की ट्रॉफी जीतने के साथ जरूरतमंदों की मदद का उनका यह ऐलान भी सुर्खियों में आ गया है।







