पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) कैंपस में एक छात्रा के साथ हुई कथित घटना की खबर सामने आने के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए और कैंपस के भीतर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान छात्रों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को भी बाधित किया और कैंपस में तोड़फोड़ की घटनाएं भी देखने को मिलीं।
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके का बयान
यूनिवर्सिटी में चल रहे इस बवाल पर कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर एलपीयू का वीडियो साझा करते हुए उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की। दीपके ने कहा कि महिलाओं के लिए यूनिवर्सिटी कैंपस और हॉस्टल सबसे सुरक्षित जगह होनी चाहिए, लेकिन अगर वे वहीं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं तो यह एक बेहद गंभीर समस्या है।
यूनिवर्सिटी कैंपस में हिंसा और पुलिस पर पथराव
विरोध प्रदर्शन के दौरान रविवार शाम को अचानक स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस बल के बीच झड़प हो गई। भीड़ की ओर से पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया और उनके वाहनों को निशाना बनाया गया, जिससे कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए। इसके बाद स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल को कैंपस में तैनात किया गया।
स्थिति अब नियंत्रण में, SIT करेगी पूरे मामले की जांच
पुलिस-प्रशासन के अनुसार, काफी मशक्कत के बाद अब यूनिवर्सिटी कैंपस और आसपास के इलाकों में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एसआईटी इस पूरे घटनाक्रम और दावों की गहराई से जांच करेगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।








