राजधानी दिल्ली में सोमवार को CJP के संसद मार्च के दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया। जनपथ से संसद मार्ग तक प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प, पथराव और तोड़फोड़ में 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, करीब 60 प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घायलों में कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें स्पेशल कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर, डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, एसीपी और महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
ड्यूटी के दौरान घायल हुए कई जवान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जवान जनपथ और संसद मार्ग पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात थे। इसी दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और पथराव किया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना में उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया गंभीर रूप से घायल हुए। उनके हाथ और पैर में फ्रैक्चर आया है। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, अतिरिक्त डीसीपी आनंद कुमार मिश्रा को भी गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज आरएमएल अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस का दावा
दिल्ली पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने कई बार चेतावनी देने के बावजूद निषेधाज्ञा का पालन नहीं किया। पुलिस के अनुसार, भीड़ ने पथराव किया, बैरिकेड तोड़े, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। हिंसा में 15 से 20 सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
70 लोग हिरासत में, दर्ज होगी FIR
पुलिस ने बताया कि अब तक करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ दंगा, सरकारी कर्मचारियों पर हमला, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है।
जांच जारी
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। सभी घायलों की मेडिकल जांच (एमएलसी) कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है ताकि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।








