गुड़गांव में नकली ब्लड प्रेशर की दवा का बड़ा रैकेट बेनकाब, 178 स्ट्रिप जब्त

SHARE:

गुड़गांव में फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने हाई ब्लड प्रेशर की नकली दवाओं की सप्लाई करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान Telma-AM नाम की ब्लड प्रेशर की 178 नकली स्ट्रिप बरामद की गई हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

एफडीए को सूचना मिली थी कि गुड़गांव के कुछ मेडिकल स्टोरों तक नकली ब्लड प्रेशर की दवाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसके बाद अधिकारियों ने संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की और सप्लाई चेन का पता लगाया। जांच के दौरान दिल्ली के दवा कारोबारी सुव्रत द्विवेदी को गिरफ्तार किया गया। उसे अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं दूसरे आरोपी मोहम्मद जुबैर को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि जब्त की गई Telma-AM (Telmisartan 40 mg + Amlodipine 5 mg) दवा की पैकेजिंग पहली नजर में बिल्कुल असली जैसी दिखाई दे रही थी, लेकिन गहराई से जांच करने पर कई गड़बड़ियां मिलीं। दवा के प्रिंट, फॉन्ट, वॉटरमार्क, चेतावनी संदेश, ओवरप्रिंटिंग और क्यूआर कोड में असली उत्पाद से स्पष्ट अंतर पाया गया।

एफडीए ने संबंधित दवा निर्माता कंपनी से भी बैच नंबर का मिलान कराया। जांच में पुष्टि हुई कि पैकेजिंग और सुरक्षा फीचर्स असली दवा से मेल नहीं खाते। इसके बाद बरामद खेप को नियमों के तहत नकली दवा घोषित कर दिया गया।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि दवा खरीदते समय केवल अधिकृत मेडिकल स्टोर से ही दवाएं लें। साथ ही पैकेजिंग, बैच नंबर, एक्सपायरी डेट और क्यूआर कोड जैसी जानकारी भी ध्यान से जांचें। यदि किसी दवा पर संदेह हो तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग या एफडीए को इसकी सूचना दें।

यह भी पढे

राम मंदिर चढ़ावा मामले में आज सुप्रीम कोर्ट की अहम सुनवाई, SIT की सीलबंद रिपोर्ट पर होगी चर्चा https://kinnitimes.com/?p=31434

Kinni Times
Author: Kinni Times