दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की एक सोशल मीडिया पोस्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनटीए छात्रों और अभिभावकों को डराने की कोशिश कर रही है और कहा कि एजेंसी को धमकी देने के बजाय परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
दरअसल, एनटीए ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट जारी कर कहा कि वह सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर रही है। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि जांच के लिए केवल वास्तविक (असली) OMR शीट ही जमा करें। एनटीए ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति नकली या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार की गई OMR शीट जमा करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
एनटीए की इसी पोस्ट को साझा करते हुए अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के लिए एनटीए खुद जिम्मेदार है, इसलिए एजेंसी को छात्रों और उनके अभिभावकों को चेतावनी देने के बजाय अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में आई खामियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि छात्रों को डराने या धमकाने की बजाय निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उनके इस बयान के बाद NEET परीक्षा और NTA की कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है।
अब इस मामले में एनटीए की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
यह भी पढे
गुड़गांव में नकली ब्लड प्रेशर की दवा का बड़ा रैकेट बेनकाब, 178 स्ट्रिप जब्त https://kinnitimes.com/?p=31437








