दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर अनुराग कुमार ने पदभार संभालने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ अपनी पहली अहम बैठक में साफ संदेश दिया कि दिल्ली पुलिस में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी ताकत जनता का भरोसा है और इसे हर हाल में बनाए रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान अनुराग कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि भ्रष्टाचार की कोई भी शिकायत सामने आती है तो उस पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की छवि ईमानदार, पारदर्शी और जनता के प्रति जवाबदेह बनी रहनी चाहिए।
बता दें कि इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के पूर्व स्पेशल डायरेक्टर अनुराग कुमार को 17 जुलाई 2026 को दिल्ली पुलिस का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया। वह 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा का स्थान लिया है, जिन्होंने पिछले वर्ष अगस्त में दिल्ली पुलिस कमिश्नर का पद संभाला था।
अनुराग कुमार की नियुक्ति के साथ अब दिल्ली पुलिस में जवाबदेही, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर विशेष जोर दिए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।








