देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 1 जून को देश के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान यूपी, दिल्ली, बिहार समेत 19 राज्यों में तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर किसानों और मछुआरों को नदी और खुले इलाकों से दूर रहने को कहा गया है। तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने का खतरा भी जताया गया है।
![]()
आईएमडी के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी एक मजबूत सिस्टम बना हुआ है, जिसके असर से उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मौसम खराब हो सकता है।
उत्तराखंड में देहरादून समेत कई जिलों में तेज बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला, कुल्लू, चंबा और ऊना जैसे जिलों में भारी बारिश के साथ 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। श्रीनगर, अनंतनाग, राजौरी और कुपवाड़ा समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिम बंगाल के मालदा, मुर्शिदाबाद, दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जैसे इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। कोलकाता में तापमान में गिरावट के साथ मौसम सुहावना रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।
यह भी पढे
पेट्रोल-डीजल के बाद कमर्शियल LPG भी महंगा https://kinnitimes.com/?p=30154








