देश में महंगाई का असर अब रसोई और कारोबार दोनों पर दिखने लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर भी महंगा हो गया है। 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ा इजाफा किया गया है, जिससे होटल, रेस्तरां और फूड कारोबार से जुड़े लोगों की लागत बढ़ सकती है।
नई दरों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 42 रुपये बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत में 53.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद यह 3255.50 रुपये में मिलेगा।
इसके अलावा 5 किलो वाले छोटे एफटीएल सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया गया है। दिल्ली में अब इसकी नई कीमत 821.50 रुपये हो गई है। हालांकि घरेलू इस्तेमाल वाले 14.2 किलो के रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
नई कीमतें आज यानी 1 जून से लागू कर दी गई हैं। माना जा रहा है कि कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का असर बाहर खाने-पीने की चीजों पर भी पड़ सकता है, क्योंकि होटल और रेस्तरां में इसी गैस का इस्तेमाल होता है।
इधर केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती का भी ऐलान किया है। सरकार ने पेट्रोल पर विंडफॉल टैक्स घटाकर 1.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। वहीं डीजल पर टैक्स 13.50 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 9.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार घरेलू बाजार में इस्तेमाल होने वाले पेट्रोल और डीजल पर मौजूदा टैक्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यह भी पढे
अंतरराष्ट्रीय तनाव से बाजार में हलचल https://kinnitimes.com/?p=30151
राष्ट्रीय राजनीति में प्रधानमंत्री आवास पर बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की अहम बैठक हुई https://www.facebook.com/share/p/16p4YY2iSL/








