देशभर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। गाजियाबाद प्रशासन ने लू को देखते हुए बड़ा फैसला लेते हुए 23 मई से सभी स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया है। वहीं महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो आज देश का सबसे गर्म इलाका रहा।
दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी तरफ गुरुग्राम के DLF गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।
मध्य प्रदेश में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। वहीं मध्य प्रदेश सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की है। हाईकोर्ट ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति भी दे दी है और दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की टीम भोपाल जाएगी।
दिल्ली दंगा मामलों में भी आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। उमर खालिद को दिल्ली हाईकोर्ट से तीन दिन की अंतरिम जमानत मिली है। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी तसलीम अहमद और अब्दुल खालिद सैफी को भी अंतरिम राहत दी है। जामिया नगर पुलिस स्टेशन जलाने के मामले में कांग्रेस नेता आसिफ मोहम्मद खान पर कोर्ट ने आरोप तय कर दिए हैं।

नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने पुणे से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं नासिक TCS केस में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है, जिसमें निदा खान समेत चार लोगों के नाम शामिल हैं।
राजनीतिक मोर्चे पर पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करीब 45 मिनट तक मुलाकात की। वहीं क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक 26 मई को नई दिल्ली में आयोजित होगी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 23 से 26 मई तक चीन दौरे पर रहेंगे।
आर्थिक मोर्चे पर भारतीय रिजर्व बैंक ने केंद्र सरकार को रिकॉर्ड 2.87 ट्रिलियन रुपये का डिविडेंड देने को मंजूरी दे दी है। वहीं भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।
उत्तराखंड के केदारनाथ मार्ग पर सोनप्रयाग में पहाड़ी से पत्थर गिरने से बड़ा हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में बाघ के हमले में चार महिलाओं की जान चली गई। जम्मू-कश्मीर के डोडा में तेज बारिश और तूफान से मौसम अचानक बदल गया।

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोलकाता में झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार बिक्रम को धमकियों के बाद CRPF सुरक्षा दी गई है। अभिनेता कमल हासन ने भी प्रधानमंत्री की ऊर्जा बचाने की अपील का समर्थन किया है।
यह भी पढे
14 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट https://kinnitimes.com/?p=29991







