नई दिल्ली: चुनाव आयोग (Election Commission) और एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर जारी राजनीतिक घमासान में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आयोग के भीतर गंभीर मतभेद की खबरें सामने आने के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए सीधे इस्तीफे की मांग कर दी है।
2 अक्टूबर से मुंबई से शुरू होगा देशव्यापी विरोध
CJP के संयोजक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार (25 सितंबर) को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बड़े आंदोलन का ऐलान किया।
अभिजीत दीपके ने लिखा: “अगर ज्ञानेश कुमार कल तक इस्तीफा नहीं देते हैं, तो CJP 2 अक्टूबर को मुंबई से अपना देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी। इसे भारत भर के शहरों तक ले जाया जाएगा। इस गांधी जयंती पर आइए लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लें।”
इससे पहले अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 3 प्रमुख मांगें रखी थीं:
ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा हो और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू की जाए।
SIR प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगे और जनवरी 2025 की वोटर लिस्ट को दोबारा बहाल किया जाए।
2023 के चुनाव आयोग कानून को रद्द कर आयोग के ढांचे में व्यापक सुधार किए जाएं।
गौरतलब है कि CJP के इस ऐलान को गंभीरता से लिया जा रहा है, क्योंकि इससे पहले नीट (NEET) पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर हुए इनके प्रदर्शन के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद छोड़ना पड़ा था और सरकार को बातचीत के लिए आगे आना पड़ा था।
हालिया खुलासे से मचा हड़कंप
चुनाव आयोग को लेकर हाल ही में सामने आए एक बड़े खुलासे के बाद सियासी गलियारों में सनसनी फैल गई थी। रिपोर्ट में दावा किया गया कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के दौरान तीन चुनाव आयुक्तों में से दो चुनाव आयुक्तों ने कई बार गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
आयोग के भीतर आंतरिक अनबन और मतभेद की इस खबर ने विपक्षी पार्टियों को सरकार और चुनाव आयोग को घेरने का एक बड़ा मुद्दा दे दिया है।
विपक्ष हमलावर: महाभियोग और सुप्रीम कोर्ट से दखल की मांग
मामला सामने आने के बाद कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (SP), डीएमके (DMK) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) समेत तमाम विपक्षी दलों ने एकजुट होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग तेज कर दी है।
राहुल गांधी का हमला: गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्य चुनाव आयुक्त और सत्ताधारी दल पर तीखा निशाना साधा।
सड़कों पर कांग्रेस: कांग्रेस आज देशभर में चुनाव आयोग के दफ्तरों का घेराव कर मार्च निकाल रही है।
महाभियोग की तैयारी: विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद में महाभियोग प्रस्ताव लाने की रणनीति बना रहे हैं, साथ ही सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में स्वत: संज्ञान लेने की अपील की गई है।








