अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म को ‘दृश्यम 3’ के नाम से भी जाना जा रहा है और यह साल 2015 में शुरू हुई सलगांवकर परिवार की कहानी का आखिरी चैप्टर बताई जा रही है. ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ की सफलता के बाद तीसरे पार्ट को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है.
पणजी, गोवा में लॉन्च हुआ ट्रेलर
मेकर्स ने 9 सितंबर को ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज किया. खास बात यह रही कि ट्रेलर को मुंबई के बजाय पणजी, गोवा में लॉन्च किया गया, जो फिल्म की कहानी की दुनिया से सीधे जुड़ा हुआ है.
ट्रेलर की शुरुआत तब्बू और सौरभ शुक्ला के किरदारों के बीच बातचीत से होती है. तब्बू सवाल करती हैं कि अगर विजय की कहानी का सीक्वल लिखना हो तो इस बार विजय क्या करेगा. इसके जवाब में सौरभ शुक्ला का किरदार कहता है कि विजय क्या करेगा, ये विजय या अल्लाह जानता है.
इसके बाद अजय देवगन की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह मजबूत सबूतों को लेकर सवाल करते नजर आते हैं. वहीं श्रिया सरन और इशिता दत्ता के किरदार परेशान दिखाई देते हैं और कुछ कागज जलाते हुए नजर आते हैं.
तब्बू को चाहिए इंसाफ नहीं बदला
ट्रेलर में रजत कपूर का किरदार अपने बेटे के लिए इंसाफ मांगता नजर आता है. वहीं तब्बू का किरदार साफ कहता है कि उसे इंसाफ नहीं, बल्कि बदला चाहिए. इससे साफ है कि इस बार विजय सालगांवकर और उसके परिवार के सामने पहले से कहीं बड़ा खतरा खड़ा होने वाला है.
प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की दमदार एंट्री
‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ में इस बार प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की एंट्री कहानी को और दिलचस्प बना रही है. प्रकाश राज ट्रेलर में एक वकील की भूमिका में नजर आते हैं. वह विजय को लेकर कहते हैं कि वह अनपढ़ हो सकता है, लेकिन बेवकूफ नहीं है और उसे हल्के में लेने की गलती नहीं करेंगे.
वहीं जयदीप अहलावत एसपी क्राइम ब्रांच के किरदार में दिखाई देते हैं. उनकी एंट्री भी काफी दमदार है. उनका किरदार कहता है कि जिस पर उसकी नजर पड़ जाए, उसका बुरा समय शुरू हो जाता है.
सालगांवकर परिवार पर मंडरा रहा बड़ा खतरा
ट्रेलर में विजय सलगांवकर यानी अजय देवगन एक बार फिर अपने परिवार को बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. नंदिनी, अंजू और अनु के साथ सालगांवकर परिवार की जिंदगी एक बार फिर मुश्किलों में घिरती दिखाई दे रही है.
ट्रेलर से संकेत मिलता है कि पुलिस के पास इस बार कुछ नए सबूत हो सकते हैं और विजय के सामने अपनी पुरानी कहानी को बचाने की बड़ी चुनौती है. फिल्म का सस्पेंस इस सवाल के इर्द-गिर्द घूमता नजर आ रहा है कि क्या विजय एक बार फिर पुलिस को मात दे पाएगा.
‘इस बार खतरा और भी बड़ा है’
ट्रेलर रिलीज से पहले मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर भी शेयर किया था. पोस्टर में विजय, नंदिनी, अंजू और अनु समेत पूरा सालगांवकर परिवार पुलिस फोर्स की तरफ देखता नजर आया. पोस्टर के साथ लिखा गया था, ‘इस बार खतरा और भी बड़ा है. सालगांवकर परिवार… वापस घर में है.’
दृश्यम 3 की कहानी होगी बिल्कुल नई
डायरेक्टर अभिषेक पाठक के मुताबिक, ‘दृश्यम 2’ के बाद तीसरी फिल्म की कहानी तैयार करने में करीब एक साल का समय लगा. इसके बाद स्क्रीनप्ले लिखने और उसे डेवलप करने में भी लगभग एक साल लगा.
फिल्म की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां ‘दृश्यम 2’ खत्म हुई थी, लेकिन आगे का सफर नया होगा. मेकर्स का कहना है कि उन्होंने स्क्रीनप्ले पर काफी सावधानी से काम किया है, ताकि फिल्म ‘दृश्यम’ की दुनिया से जुड़ी रहे और दर्शकों को एक नया रोमांच भी मिले.
दृश्यम द कन्क्लूजन की स्टार कास्ट
फिल्म में अजय देवगन विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे. तब्बू आईजी मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी की भूमिका में दिखाई देंगी. इनके अलावा रजत कपूर, इशिता दत्ता, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी अहम किरदारों में नजर आएंगे.
2 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ को स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज ने प्रेजेंट किया है. फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है. इसकी कहानी आमिल कीयन खान और परवेज शेख के साथ मिलकर तैयार की गई है.
‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी की शुरुआत साल 2015 में हुई थी. इसके बाद 2022 में ‘दृश्यम 2’ रिलीज हुई. अब फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. ट्रेलर रिलीज के बाद फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है और अब सभी की नजर इस बात पर है कि विजय सलगांवकर इस बार अपने परिवार को कैसे बचाता है.








