दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने के बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के पहले चरण यानी GRAP-1 को लागू कर दिया है। क्षेत्र में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में पहुंचने के बाद यह फैसला लिया गया। बुधवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 244 दर्ज किया गया, जो प्रदूषण के बढ़ते स्तर को दर्शाता है।
वायु गुणवत्ता में गिरावट को देखते हुए प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। GRAP-1 लागू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण फैलाने वाले कारकों पर नियंत्रण करने और हवा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए निर्धारित उपायों पर जोर दिया जाएगा। इसके तहत धूल प्रदूषण को कम करने, सड़कों की नियमित सफाई, निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के उपायों और खुले में कचरा जलाने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाता है।








