लोक कल्याण मार्ग के पास 39.5 एकड़ जमीन केंद्र ने ली वापस, एयरफोर्स ने सौंपा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

SHARE:

दिल्ली के लोक कल्याण मार्ग के आसपास स्थित बेशकीमती सरकारी जमीनों को वापस लेने की केंद्र सरकार की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय वायुसेना ने अपने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की 39.5 एकड़ जमीन केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के भूमि एवं विकास कार्यालय यानी L&DO को सौंप दी है। यह जमीन प्रधानमंत्री आवास के नजदीक स्थित है और लंबे समय से यहां एयरफोर्स का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स संचालित हो रहा था।

इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गोल्फ कोर्स, स्विमिंग पूल, बैडमिंटन कोर्ट और अन्य खेल सुविधाएं मौजूद थीं। जमीन का हस्तांतरण औपचारिक रूप से पूरा हो चुका है। अब रक्षा संपदा कार्यालय, भारतीय वायुसेना और L&DO की संयुक्त टीम जमीन की सीमाओं और वास्तविक क्षेत्रफल का सर्वे करेगी, ताकि जमीन के सटीक माप की पुष्टि की जा सके।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब केंद्र सरकार लोक कल्याण मार्ग और उसके आसपास मौजूद कई प्रमुख जमीनों को वापस लेने की प्रक्रिया पर काम कर रही है। इससे पहले दिल्ली रेस क्लब की करीब 53 एकड़ जमीन और जयपुर पोलो ग्राउंड की लगभग 15.20 एकड़ जमीन भी सरकार अपने कब्जे में ले चुकी है।

वहीं, दिल्ली जिमखाना क्लब की करीब 27 एकड़ जमीन का मामला अभी अदालत में लंबित है। केंद्र सरकार ने मई में क्लब की लीज समाप्त कर दी थी, जिसके खिलाफ क्लब ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है।

सरकार की ओर से इन जमीनों को वापस लेने के पीछे सार्वजनिक उपयोग, संस्थागत जरूरतों, प्रशासनिक व्यवस्था और रक्षा बुनियादी ढांचे से जुड़ी आवश्यकताओं का हवाला दिया गया है। हालांकि, एयरफोर्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की 39.5 एकड़ जमीन का आगे किस काम में इस्तेमाल किया जाएगा, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक योजना सार्वजनिक नहीं की गई है।

लोक कल्याण मार्ग के आसपास लगातार हो रही इस कार्रवाई के बाद राजधानी की कई प्रमुख जमीनों और खेल परिसरों को लेकर केंद्र सरकार की मुहिम चर्चा में है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई