भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार और गायक पवन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की है। दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात की तस्वीरें खुद पवन सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा की हैं। इन तस्वीरों के साथ पवन सिंह ने अपने दिल की बात लिखते हुए इस मुलाकात को अपने लिए बेहद सुखद, सकारात्मक और यादगार अनुभव बताया है। सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए पवन सिंह ने लिखा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर उनका मार्गदर्शन प्राप्त करना बेहद सम्मान की बात है। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। तस्वीरों में पवन सिंह बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को गुलदस्ता भेंट करते और उनसे गर्मजोशी के साथ चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं। पवन सिंह के प्रशंसकों और समर्थकों के बीच यह तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
राजनीतिक जिम्मेदारी सौंप सकती
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पवन सिंह ने इस बैठक को महज एक शिष्टाचार भेंट करार दिया। जब उनसे आगामी राजनीतिक भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वे पार्टी के एक अनुशासित कार्यकर्ता की तरह हैं और संगठन द्वारा उन्हें जो भी दायित्व या जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, वे उसका पूरी निष्ठा के साथ पालन करेंगे। सियासी गलियारों में इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। हाल के समय में पवन सिंह की बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से बढ़ती नजदीकियों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं काफी गर्म हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में पार्टी भोजपुरी भाषी क्षेत्रों और युवाओं के बीच पवन सिंह के जनाधार का इस्तेमाल करते हुए उन्हें कोई बड़ी संगठनात्मक या राजनीतिक जिम्मेदारी सौंप सकती है।








