ग्रेटर नोएडा: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परी चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर एक चलती डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, समय रहते सभी सवारियां बस से सुरक्षित बाहर निकल गईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को जानकारी दी गई। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया।
दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। आग लगने के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
नोएडा से आगरा जा रही थी बस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डबल डेकर बस नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान परी चौक की तरफ आने वाले मार्ग पर बस में आग लग गई।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद संबंधित पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।
बड़ा हादसा टला
समय रहते यात्रियों के बस से बाहर निकल जाने और दमकल टीम के मौके पर पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारण बस को नुकसान पहुंचा है।








