Strait of Hormuz में कमर्शियल जहाज पर हमला, 11 भारतीय घायल; ओमान ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

SHARE:

ओमान: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक कमर्शियल जहाज को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है। ओमान के तट के पास पनामा के झंडे वाले जहाज MT On Peace पर मंगलवार को प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। हमले के बाद जहाज पर मौजूद 12 क्रू मेंबर घायल हुए, जिनमें 11 भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं। सभी घायल लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

जहाज पर सवार थे 19 क्रू मेंबर

भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, MT On Peace पर कुल 19 क्रू मेंबर मौजूद थे। इनमें 17 भारतीय नागरिक शामिल थे। हमले के बाद ओमान के अधिकारियों और तटरक्षक बल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने घायल नाविकों को जहाज से निकालकर ओमान के खासाब शहर पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। भारत ने राहत एवं बचाव अभियान में मदद करने के लिए ओमानी प्रशासन का आभार जताया है।

भारत ने हमले की कड़ी निंदा की

घटना के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने कमर्शियल जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। भारत ने कहा कि समुद्री क्षेत्र में जहाजों और नाविकों को लगातार निशाना बनाया जाना गंभीर चिंता का विषय है।

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए। भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता कायम करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही बहाल करने की अपील की है।

सितंबर में भी भारतीय जहाज पर हुआ था हमला

यह पहली घटना नहीं है जब ओमान के आसपास भारतीय नाविकों से जुड़े किसी कमर्शियल जहाज को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले 23 सितंबर को भारत की ओर आ रहे MV Cape Dao पर ओमान के पूर्वी तट के पास हमला हुआ था।

उस घटना में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई थी, जबकि जहाज पर मौजूद 19 अन्य भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया था। भारतीय दूतावास ने उस समय ओमानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहते हुए नाविकों की सुरक्षित वापसी के लिए समन्वय किया था।

फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के मुताबिक, मृतक नाविक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी वाइपर सूरज यादव के रूप में हुई थी। यूनियन ने दावा किया था कि जहाज को दो टॉरपीडो से निशाना बनाया गया था।

नाविकों की सुरक्षा पर PM मोदी ने भी दिया था जोर

समुद्री सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान भी चिंता जताई थी। उन्होंने संकट की परिस्थितियों में नाविकों की मदद के लिए ‘Seafarers’ Emergency Support Network’ बनाने का प्रस्ताव रखा था।

प्रधानमंत्री ने कहा था कि वैश्विक व्यापार व्यवस्था में नाविकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और संकट के समय उनकी सुरक्षा तथा सहायता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई