नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में गैंगवार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दक्षिणी दिल्ली के आया नगर में सोमवार सुबह एक जिम ट्रेनर की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विजय कुमार के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
परफेक्ट जिम के बाहर बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुरबेरी थाना क्षेत्र के आया नगर स्थित परफेक्ट जिम के बाहर सुबह करीब 10:30 बजे विजय कुमार को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने उन पर लगातार फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
पुलिस को घटनास्थल से 18 गोलियों के खोखे और एक जिंदा कारतूस मिला है। शुरुआती जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने विजय कुमार पर बेहद नजदीक से कई राउंड फायर किए।
पुरानी गैंगवार से जुड़ रही हत्या की कड़ी
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह वारदात पुरानी गैंगवार का बदला हो सकती है। बताया जा रहा है कि विजय कुमार, जेल में बंद योगेश के बड़े भाई थे। पुलिस इस हत्या को पहले हुई गैंगवार की घटनाओं से जोड़कर जांच कर रही है।
दक्षिणी दिल्ली में इस गैंगवार की शुरुआत पिछले साल नवंबर में हुई थी। उस दौरान अरुण की अंधेरिया मोड़ के सीडीआर चौक पर दो दर्जन से अधिक गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दीपक, योगेश और अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
दीपक के पिता की 70 गोलियां मारकर हुई थी हत्या
अरुण की हत्या के बाद गैंगवार और खूनी हो गई। 30 नवंबर 2025 की सुबह आया नगर में दीपक के पिता रतनलाल की करीब 70 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में अरुण के फरीदाबाद निवासी मामा का नाम सामने आया था।
अब इसी घटनाक्रम में जेल में बंद योगेश के भाई विजय कुमार की हत्या ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही इन हत्याओं से दक्षिणी दिल्ली में गैंगवार के नए सिरे से भड़कने की आशंका बढ़ गई है।
एक हमले से शुरू हुई थी दुश्मनी
बताया जाता है कि दीपक और अरुण एक ही गांव के रहने वाले थे। अरुण ने कथित तौर पर पहले गांव में दीपक पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह बच गया था। इस मामले में अरुण के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ और मामला साकेत कोर्ट में चल रहा था।
बाद में कोर्ट में सुनवाई के बाद लौटते समय अंधेरिया मोड़ के सीडीआर चौक पर अरुण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड में दीपक और उसके साथियों पर आरोप लगे और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
अब आया नगर में विजय कुमार की हत्या के बाद पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। क्या यह वारदात पुरानी दुश्मनी का अगला बदला है और इस गैंगवार के पीछे कौन लोग हैं? पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है।







