Delhi BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS सम्मेलन के चलते यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। इसका असर राष्ट्रीय लोक अदालत और कोर्ट की सुनवाई पर भी पड़ा है। 12 सितंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत अब 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कोर्ट जाने से पहले अपनी तारीख जरूर जांचने की अपील की है।
12 सितंबर की लोक अदालत अब 10 अक्टूबर को
BRICS सम्मेलन के चलते 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को स्थगित कर दिया गया है। अब यह 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी।
इसके अलावा 11 सितंबर की छुट्टी के कारण होने वाली बैठक अब 3 अक्टूबर को होगी। वहीं, 12 सितंबर की छुट्टी के बाद निर्धारित बैठक 14 नवंबर को आयोजित की जाएगी।
11 और 12 सितंबर के लिए सूचीबद्ध सभी मामलों की सुनवाई अब 14 सितंबर को होगी। ऐसे में कोर्ट से जुड़े लोगों को अपनी नई तारीख की जानकारी पहले ही जांच लेने की सलाह दी गई है।
11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में BRICS Summit
नई दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक BRICS सम्मेलन आयोजित होना है। इसमें सदस्य और साझेदार देशों के नेता, वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल होंगे।
वीआईपी और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। जरूरत के अनुसार कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों को रोका या वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट किया जा सकता है।
⚖️ LOK ADALAT UPDATE | BRICS SUMMIT 2026
📢 12 SEPT की National Lok Adalat अब 10 OCTOBER 2026 को होगी।
Court जाने वालों के लिए भी जरूरी update:
🗓️ 11 Sept — Holiday → Sitting 3 Oct
🗓️ 12 Sept — Holiday → Sitting 14 Nov
📌 11–12 Sept के listed cases → 14 Sept
🚦 Court के लिए… pic.twitter.com/6dnoNBfRSR— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) September 10, 2026
दिल्ली की सीमाओं पर कॉमर्शियल वाहनों की एंट्री पर रोक
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता के अनुसार, सम्मेलन के दौरान दिल्ली की सीमाओं पर अन्य राज्यों से आने वाले कॉमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
हालांकि, जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। वीआईपी मूवमेंट के दौरान इन वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा सकता है।
यदि विदेशी मेहमान या किसी देश का वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के बाजार अथवा ऐतिहासिक स्थल का दौरा करता है, तो सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित इलाकों में भी कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
DTC बसों के रूट भी होंगे प्रभावित, मेट्रो सामान्य
BRICS Summit के दौरान प्रतिबंधित इलाकों में DTC बसों का संचालन प्रभावित रहेगा। 11 से 13 सितंबर तक बसें निर्धारित और स्वीकृत रूट पर ही चलेंगी।
वहीं, यात्रियों के लिए राहत की खबर है कि दिल्ली मेट्रो सामान्य रूप से चलती रहेगी और मेट्रो सेवा में किसी तरह के व्यवधान की योजना नहीं है।
Google Maps पर मिलेगा रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट
यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली पुलिस ने Google Maps के अधिकारियों के साथ भी ट्रैफिक प्लान साझा किया है। सम्मेलन के दौरान लागू डायवर्जन और ट्रैफिक बदलाव की जानकारी Google Maps पर रियल टाइम में अपडेट की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर देख लें।
प्रतिबंधित इलाकों में टैक्सी पिक-अप और ड्रॉप भी बंद
सम्मेलन के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों में ऑनलाइन टैक्सी सेवाओं के पिक-अप और ड्रॉप की सुविधा भी बंद रहेगी।
हालांकि, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी और उन्हें आवश्यकतानुसार रास्ता दिया जाएगा।
इन प्रमुख रास्तों पर प्रभावित रहेगा ट्रैफिक
BRICS Summit के दौरान जरूरत के अनुसार इन मार्गों पर यातायात बाधित या प्रतिबंधित किया जा सकता है:
- मथुरा रोड
- तिलक मार्ग
- महाराजा रंजीत सिंह मार्ग
- मदर टेरेसा क्रीसेंट मार्ग
- साइमन बोलिवर मार्ग
- सरदार पटेल मार्ग
- शांति मार्ग
- अफ्रीका एवेन्यू
- अमृता शेरगिल मार्ग
- मैक्स मुलर मार्ग
- महर्षि रमण मार्ग
- आर्चबिशप मकारियोस मार्ग
- डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग
- भारत मंडपम
- भैरों मार्ग
- फिरोजशाह मार्ग
- भगवान दास मार्ग
वीवीआईपी काफिले की रिहर्सल से पहले ही प्रभावित हुआ ट्रैफिक
BRICS Summit की तैयारियों और वीवीआईपी काफिले की रिहर्सल के चलते बुधवार शाम दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा।
शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक हुई रिहर्सल के दौरान नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली और लुटियंस जोन की 35 से अधिक सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रित किया गया। करीब 22 प्रमुख स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया गया।
सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, जनपथ, कनॉट प्लेस आउटर एरिया, मथुरा रोड, इंडिया गेट-सी हेक्सागन, अकबर रोड, शांति पथ और सफदरजंग रोड पर भी वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई।
विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए सज रही नई दिल्ली
BRICS Summit से पहले विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए नई दिल्ली को सजाने-संवारने का काम भी तेज हो गया है।
NDMC की ओर से प्रमुख मार्गों, चौराहों और वीआईपी रूट पर 15 हजार से अधिक गमलों में पौधे, 15 पुष्प बोर्ड और 9 पुष्प फव्वारे लगाने की तैयारी की गई है।
भारत मंडपम की ओर जाने वाले रास्तों, बाजारों, होटलों और गोलचक्करों पर फूलदार और सजावटी पौधों से लैंडस्केपिंग की जा रही है। वहीं, चाणक्यपुरी स्थित करीब तीन एकड़ के BRICS Friendship Rose Garden को भी संवारा जा रहा है। इस गार्डन में गुलाब की 107 किस्में मौजूद हैं।
जरूरी सलाह
अगर आपको 11 से 14 सितंबर के बीच दिल्ली में कोर्ट, नई दिल्ली या लुटियंस जोन की तरफ जाना है, तो निकलने से पहले अपनी कोर्ट डेट और ट्रैफिक रूट जरूर जांच लें। BRICS Summit के दौरान वीआईपी मूवमेंट के हिसाब से रास्तों में अचानक बदलाव भी किया जा सकता है।








