नई दिल्ली: मेट्रो वेस्ट कर्मचारी की हत्या के बाद सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से ईस्ट दिल्ली के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। शाहदरा साउथ और शाहदरा नॉर्थ जोन के 61 वार्डों में पिछले तीन दिनों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। इसके चलते डस्टबिन, ढलाव और फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (FCTS) के आसपास कूड़े के ढेर लग गए हैं और कई जगह कूड़ा सड़क तक फैल गया है।
कर्मचारियों के काम पर नहीं आने का असर कॉलोनियों में भी साफ दिखाई दे रहा है। घरों से कूड़ा उठाने वाले ऑटो टिपर और ई-रिक्शा भी कई इलाकों में नहीं पहुंच रहे हैं। सफाई कर्मचारियों की ओर से सड़कों पर इकट्ठा किया गया कूड़ा भी उठ नहीं पा रहा है। इससे कई इलाकों में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई ढलावों पर कूड़े के ढेर के बीच जानवरों के शव भी पड़े हैं। तेज बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। कॉलोनियों में भी जगह-जगह कूड़ा जमा है। कई स्थानों पर कूड़ा नालियों तक पहुंच गया है, जिससे जल निकासी की समस्या भी बढ़ने की आशंका है।
61 वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित
हड़ताल का सबसे ज्यादा असर शाहदरा साउथ और शाहदरा नॉर्थ जोन के 61 वार्डों में देखने को मिल रहा है। यहां डस्टबिन और ढलावों से कूड़ा उठाने की नियमित व्यवस्था प्रभावित होने के कारण कूड़ा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों तक फैल गया है। कॉलोनियों में भी कूड़ा उठाने वाले वाहनों के नहीं पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुवार से शुरू होगा कूड़ा उठाने का काम
MCD कमिश्नर संजीव खिरवार ने बताया कि शाहदरा साउथ और शाहदरा नॉर्थ जोन में जमा कूड़े को हटाने के लिए चार अन्य जोनों की मशीनरी लगाई जाएगी। सिटी एसपी, करोल बाग, साउथ और सेंट्रल जोन की मशीनरी को सफाई व्यवस्था संभालने के लिए लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गुरुवार से कूड़ा उठाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
कूड़े के कारण ट्रैफिक जाम की भी समस्या
झील चौक पर कूड़ा सड़क तक फैलने के कारण ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय निवासी जगदीश चंद्र ने बताया कि सड़क तक कूड़ा फैल जाने की वजह से दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है।
मुकेश गौड़ ने बताया कि जो लोग MCD के ऑटो टिपर पर निर्भर हैं, उनके घरों का कूड़ा पिछले तीन दिनों से नहीं उठाया गया है। उनका कहना है कि कूड़ा घर के अंदर ही पड़ा रहने से वह सड़ने लगा है। स्थानीय निवासी राजकुमार गोयल ने बताया कि सुबह घर से दुकान के लिए निकलते समय उन्हें कूड़े का थैला साथ लेकर आना पड़ रहा है। वहीं पंकज अरोड़ा ने बताया कि ढलावों के अलावा राम नगर कॉलोनी में भी जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और कई जगह कूड़ा नालियों में भर गया है।








