कृषि और बागवानी में अगर सही समय पर फसलों का ध्यान न रखा जाए तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। खासकर फलदार पेड़ों की देखभाल करना एक काफी पेचीदा और मेहनत भरा काम होता है, क्योंकि अगर सही समय पर इन पर सही दवाओं का छिड़काव न किया जाए तो कीटों और रोगों का हमला तेजी से बढ़ जाता है। इससे न सिर्फ फल खराब होते हैं बल्कि किसानों की पूरे साल की मेहनत पर पानी फिर जाता है। किसानों की इसी बड़ी चिंता को दूर करने और उन्हें राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने बागवानी के लिए एक खास कीट प्रबंधन योजना की शुरुआत की है।
यह योजना बेहद फायदेमंद साबित होने वाली
इस नई योजना के अंतर्गत राज्य सरकार की ओर से किसानों को अपने बगीचों में कीटनाशकों के छिड़काव पर 75 प्रतिशत तक की भारी सब्सिडी प्रदान की जाएगी। सरकार के इस कदम से बागवानी करने वाले किसानों की लागत में काफी कमी आएगी, जिससे उनके जेब पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ काफी हद तक हल्का हो जाएगा। इसके अलावा समय पर और सस्ती दरों पर कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से पेड़ों की बेहतर सुरक्षा हो सकेगी, जिससे बाजार में मिलने वाले फलों की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिलेगा। जो किसान बागवानी के क्षेत्र में अपनी उपज और आय दोनों बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए यह योजना बेहद फायदेमंद साबित होने वाली है








