अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब नए सिरे से विशेष जांच दल (SIT) करेगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय नई एसआईटी का गठन किया है। सूत्रों के अनुसार, इस टीम की अगुवाई लखनऊ के आईजी किरण एस करेंगे।
बताया जा रहा है कि एसआईटी में अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा और अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को भी सदस्य बनाया गया है। हालांकि, गृह विभाग ने अभी तक आधिकारिक तौर पर टीम के सदस्यों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई को सुनवाई के दौरान कहा था कि मामला आपराधिक प्रकृति का है, इसलिए इसकी जांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की एसआईटी से कराई जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गृह विभाग को अदालत के आदेश का पालन करते हुए नई एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए थे।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार 27 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में दायर की जाने वाली स्टेटस रिपोर्ट के साथ नई एसआईटी के गठन की जानकारी भी दे सकती है। माना जा रहा है कि इसके बाद ही टीम के सदस्यों के नाम आधिकारिक रूप से सार्वजनिक किए जाएंगे।
इससे पहले सरकार ने 13 जून को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में एक एसआईटी बनाई थी, जिसने 15 जून से जांच शुरू की थी। प्रारंभिक रिपोर्ट 22 जून को गृह विभाग को सौंप दी गई थी। जांच का दायरा व्यापक होने के कारण एसआईटी ने अतिरिक्त समय मांगा था, जिसके बाद सरकार ने अंतिम रिपोर्ट जमा करने की समय-सीमा 30 जुलाई तक बढ़ा दी थी।
अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित नई एसआईटी इस पूरे मामले की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट सरकार तथा अदालत के समक्ष पेश करेगी।








