CJP की सरकार से बड़ी बैठक! 3 में से 2 मांगों पर बनी सहमति, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर कल फैसला

SHARE:

देश भर में पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित धांधली को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। राजधानी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस अहम बैठक के बाद CJP की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखी गई तीन प्रमुख मांगों में से सरकार ने दो मांगों पर अपनी सहमति व्यक्त कर दी है।

मुख्य मांग पर अभी पेंच फंसा हुआ
बैठक में बनी सहमति के तहत सरकार ने प्रभावित व पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग स्वीकार कर ली है। इसके साथ ही प्रदर्शन के दौरान छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज किए गए सभी मुकदमों और पुलिस केस को वापस लेने का आश्वासन भी दिया गया है। इन दोनों मांगों पर सकारात्मक रुख से आंदोलनकारियों को बड़ी राहत मिली है, हालांकि संगठन की सबसे मुख्य मांग पर अभी पेंच फंसा हुआ है।

लिखित फैसला नहीं आ जाता
CJP की तीसरी और सबसे अहम मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर है। इस मांग पर तुरंत कोई फैसला लेने के बजाय केंद्र सरकार ने अंतिम जवाब देने के लिए कल दोपहर तक का समय मांगा है। संगठन का स्पष्ट कहना है कि जब तक शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर सरकार की ओर से कोई ठोस और लिखित फैसला नहीं आ जाता, तब तक वे पूरी तरह से आश्वस्त नहीं होंगे।

मांगों को लेकर आंदोलन और तेज करेंगे
सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच इस मुलाकात और बनी सहमति को संवाद की दिशा में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें कल दोपहर होने वाले सरकार के अगले रुख पर टिकी हैं, जिससे तय होगा कि लंबे समय से जारी यह छात्र आंदोलन समाप्त होगा या फिर प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन और तेज करेंगे।

Kinni Times
Author: Kinni Times