राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जारी प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार को कई मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया है। सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक 17 मेट्रो स्टेशन यात्री सेवाओं के लिए बंद रहेंगे।
DMRC के अनुसार, यह निर्णय जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में चल रहे प्रदर्शन तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि, कुछ प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा पहले की तरह मिलती रहेगी, जिससे आवश्यक यात्रा करने वालों को कुछ राहत मिलेगी।
इन स्टेशनों पर इंटरचेंज रहेगा जारी
यात्री राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर मेट्रो लाइन बदल सकेंगे, लेकिन इन स्टेशनों से बाहर निकलने और प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
यात्रियों के लिए DMRC की सलाह
दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी योजना बना लें और जरूरत पड़ने पर बस, ऑटो या अन्य वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करें। साथ ही, यात्रा से पहले DMRC की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ताजा अपडेट देखते रहें।
आज बंद रहेंगे ये 17 मेट्रो स्टेशन
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- बाराखंबा रोड
- सुप्रीम कोर्ट
- सेवा तीर्थ
- जनपथ
- मंडी हाउस
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
- आईटीओ
- दिल्ली गेट
- इंद्रप्रस्थ
- खान मार्केट
- जोर बाग
- शिवाजी स्टेडियम
- झंडेवालान
मेट्रो स्टेशन बंद होने पर सुप्रीम कोर्ट भी चिंतित
मेट्रो स्टेशनों के बंद रहने का असर सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही पर भी दिखाई दिया। गुरुवार को प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि कई मेट्रो स्टेशन बंद होने से वकीलों, वादकारियों और आम नागरिकों को अदालत पहुंचने में परेशानी हो रही है। उन्होंने संकेत दिया कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो सुप्रीम कोर्ट इस मामले में हस्तक्षेप कर सकता है।
CJI ने यह भी निर्देश दिया कि मौजूदा परिस्थितियों के कारण यदि कोई वकील अदालत नहीं पहुंच पाता है तो उसकी अनुपस्थिति के आधार पर किसी मामले में प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए।
दिल्ली में जारी प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मेट्रो सेवाओं पर लगे इन प्रतिबंधों का असर लाखों यात्रियों की दैनिक आवाजाही पर पड़ने की संभावना है। प्रशासन लगातार हालात की समीक्षा कर रहा है और स्थिति सामान्य होने पर सेवाएं बहाल करने का निर्णय लिया जाएगा।








