दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और हर नागरिक तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज शकूरपुर से 45 नए ‘आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों’ (Ayushman Arogya Mandir) का विधिवत उद्घाटन किया। इस नई सौगात के साथ ही दिल्ली में संचालित हो रहे आरोग्य मंदिरों की कुल संख्या अब 415 के पार पहुंच गई है।
आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का लक्ष्य भी पूरा होगा
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया के माध्यम से दिल्ली की जनता को बधाई दी और अपनी सरकार का संकल्प साझा किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा:
हमारा संकल्प है कि हर दिल्लीवासी को अपने घर और कॉलोनी के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। इसी दिशा में आज दिल्ली में 415 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर कार्य कर रहे हैं। जल्द ही 1,100 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का लक्ष्य भी पूरा होगा।
आधुनिक विकल्प मिल गया
दिल्ली सरकार के मुताबिक, राजधानी के हर कोने में स्वास्थ्य सुविधाओं का जाल बिछाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य जल्द से जल्द दिल्ली में 1,100 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को पूरी तरह चालू करना है, ताकि किसी भी नागरिक को मामूली इलाज या टेस्ट के लिए बड़े और दूरदराज के अस्पतालों के चक्कर न काटने पड़ें। शकूरपुर में आयोजित इस उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला, क्योंकि अब उन्हें अपनी छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए अपने घर के पास ही एक आधुनिक विकल्प मिल गया है।








