दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा

SHARE:

देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में हल्की से लेकर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। खासकर उत्तर, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश का अनुमान है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी आने वाले दिनों में बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर बारिश हो सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के कारण बारिश की गतिविधियां तेज हो रही हैं। इसके असर से पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले सात दिनों तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

ओडिशा में आज अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का असर बढ़ने की उम्मीद है।

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, अचानक बाढ़ और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर घाटी जाने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दूसरी ओर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले एक सप्ताह तक मूसलाधार बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने सभी संबंधित राज्य सरकारों और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

यह भी पढे

ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- चीन ने खरीदा अमेरिकी मतदाताओं का डेटा https://kinnitimes.com/?p=31333

Kinni Times
Author: Kinni Times