नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से कई इलाकों में काले बादल छाए रहे और इसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी।
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने इस बदलाव का स्वागत किया। हालांकि, बारिश ने राहत के साथ-साथ कुछ परेशानियां भी बढ़ा दीं।
लगातार बारिश के कारण राजधानी और आसपास के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। खासकर एनएच-9 पर खिचड़ीपुर के पास लंबा जाम लग गया और वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई स्थानों पर लोगों को कार्यालय और अन्य गंतव्यों तक पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा।
वहीं, गुरुग्राम में भी करीब 40 मिनट तक हुई तेज बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। लेकिन लगातार बरसात के कारण शहर की कई सड़कों पर पानी भरने लगा। यदि बारिश का सिलसिला लंबे समय तक जारी रहता है, तो प्रमुख मार्गों पर जलभराव बढ़ने और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने पहले ही अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश की संभावना जताई थी। विभाग के अनुसार, इस दौरान तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या बनी रह सकती है।
बारिश ने जहां एक ओर मौसम को राहतभरा बना दिया, वहीं दूसरी ओर शहर की यातायात व्यवस्था और जल निकासी की तैयारियों की भी परीक्षा ले ली।
यह भी पढे
दिल्ली का सदर बाजार हरियाणा शिफ्ट होगा? व्यापारियों ने साफ किया अपना रुख https://kinnitimes.com/?p=30979








