गुरुजी निर्मल सिंह महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर मंगलवार को दक्षिणी दिल्ली के महरौली स्थित भट्टी माइंस आश्रम में विशाल धार्मिक सभा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, वीआईपी और गणमान्य लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आश्रम में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और वाहनों का प्रवेश केवल छतरपुर रोड (एसएसएन मार्ग) से होगा। भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं से सुबह 5 बजे से पहले आश्रम पहुंचने की अपील की गई है, ताकि यातायात जाम से बचा जा सके।
आयोजकों ने अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए अलग प्रवेश और पार्किंग की व्यवस्था की है। आश्रम परिसर में पर्याप्त पार्किंग उपलब्ध रहेगी, लेकिन एसएसएन मार्ग पर किसी भी वाहन की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को टो करके हटाया जाएगा और संबंधित चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मंगलवार रात 12 बजे तक छतरपुर रोड (एसएसएन मार्ग) और गुरुग्राम रोड टी-प्वाइंट के बीच भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं। मंडी-डेरा सीमा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गदाईपुर पुलिस चौकी से महरौली-गुरुग्राम रोड की ओर मोड़ा जाएगा, जबकि भट्टी माइंस की ओर से आने वाले भारी वाहन बांध रोड, जोनापुर और महरौली रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी जरूर लें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
यह भी पढे
हुबेई में भीषण तूफान से 8 लोगों की मौत https://kinnitimes.com/?p=30962








