राजधानी दिल्ली में मानसून की दस्तक दिए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक अच्छी बारिश नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी है। मौसम विभाग द्वारा पहले जारी किया गया ऑरेंज अलर्ट वापस लेते हुए अब मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार को दिनभर बारिश नहीं हुई, जिससे तेज धूप और नमी के कारण गर्मी और अधिक महसूस की गई। अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिन के अलग-अलग समय में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि, इस मानसून सीजन में पहले जारी किए गए कई येलो अलर्ट के दौरान अधिकांश इलाकों में अपेक्षित बारिश नहीं हुई, इसलिए लोगों को इस बार भी बारिश को लेकर संशय बना हुआ है।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए एनफोर्समेंट टास्क फोर्स (ETF) ने सख्ती बढ़ाने की सिफारिश की है। हालिया समीक्षा के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाली चार परियोजनाओं और इकाइयों को बंद करने, 27 डीजल जनरेटर (डीजी) सेट सील करने, छह मामलों में अनुपालन आदेश जारी करने और 17 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाने का प्रस्ताव दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता बेहतर बनी रहे।
यह भी पढे
गुरुजी जन्मोत्सव पर इन मार्गों पर ट्रैफिक https://kinnitimes.com/?p=30965








