भारतीय सेना में आज एक नए युग की शुरुआत हो गई है। जनरल धीरज सेठ (General Dhiraj Seth) ने मंगलवार (30 जून, 2026) को भारतीय सेना के 31वें सेना प्रमुख (Chief of the Army Staff – COAS) के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने निवर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी (General Upendra Dwivedi) का स्थान लिया है, जो आज चार दशकों से अधिक की शानदार देश सेवा के बाद सेवानिवृत्त (Retire) हो गए हैं।
सेना प्रमुख का पदभार ग्रहण करने से पहले जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के उप प्रमुख के रूप में देश को अपनी सेवाएं दे रहे थे। जनरल धीरज सेठ का सैन्य करियर करीब चार दशकों का और बेहद बेदाग रहा है। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खडकवासला के पूर्व छात्र हैं और दिसंबर 1986 में उन्हें आर्म्ड कॉर्प्स (Armoured Corps) में कमीशन मिला था।
जनरल सेठ के पास भारतीय सेना के विभिन्न महत्वपूर्ण और रणनीतिक ऑपरेशन्स को लीड करने का एक लंबा अनुभव है। उनके पास पश्चिमी मोर्चे पर दो ऑपरेशनल कमांड्स (दक्षिण पश्चिमी और दक्षिणी कमान) का नेतृत्व करने का एक दुर्लभ और खास गौरव भी हासिल है।
इसके अलावा उन्होंने:
रेगिस्तानी क्षेत्र में एक बख्तरबंद रेजिमेंट की कमान संभाली।
जम्मू-कश्मीर में काउंटर-इंसर्जेंसी (आतंकवाद विरोधी) फोर्स का नेतृत्व किया।
लेफ्टिनेंट जनरल के रूप में सुदर्शन चक्र कॉर्प्स जैसी भारतीय सेना की प्रमुख स्ट्राइक फॉर्मेशन का नेतृत्व किया।








