देशभर में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से करीब छह दिन पहले केरल पहुंच सकता है। जहां आमतौर पर मानसून 1 जून को दस्तक देता है, वहीं इस बार इसके 26 मई तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को तेज गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि फिलहाल उत्तर भारत गर्म हवाओं की चपेट में है। दिल्ली, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में हीटवेव लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। महाराष्ट्र का अकोला 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। जलगांव, अमरावती और वर्धा में भी पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया।

राजधानी दिल्ली में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर साफ दिखाई देगा। मौसम विभाग ने आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। वहीं यूपी में भी लोगों को लू और गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 24 घंटों में मानसून दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।
इस बीच मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि इस साल मानसून सीजन में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इसके पीछे अल नीनो प्रभाव को बड़ी वजह माना जा रहा है। अल नीनो के कारण मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ती हैं, जिससे बारिश कम और तापमान ज्यादा रहता है।
उत्तर प्रदेश में हाल ही में आई तेज आंधी-बारिश ने भारी तबाही मचाई है। राज्य में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 113 लोगों की मौत हो चुकी है। कई जिलों में मकानों और बिजली व्यवस्था को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढे
गाजा-लेबनान में फिर भड़की जंग https://kinnitimes.com/?p=29905
मध्य पूर्व में बढ़ा तनाव! https://www.facebook.com/share/p/1DahFfmKxQ/








