उत्तर भारत में ठंड का कहर और तेज होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार दो पश्चिमी विक्षोभ तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहे हैं, जिसके चलते आने वाले पूरे हफ्ते पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र प्रभावित रहेगा। 23 जनवरी तक कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में न्यूनतम तापमान आज के मुकाबले थोड़ा कम रहने का अनुमान है। पश्चिमी हवाओं की दिशा बदलने से ठंड और बढ़ेगी।
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार के कुछ हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
दिल्ली में सुबह के समय हल्के बादल, मध्यम से घना कोहरा और कुछ इलाकों में शीतलहर चलने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। प्रदूषण का स्तर भी ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच सकता है, जिससे स्मॉग की मोटी परत छाए रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। गिलगिट से लद्दाख तक बर्फबारी हो सकती है। 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की भी चेतावनी दी गई है।
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है। दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन विक्षोभ के गुजरने के बाद एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौटने की आशंका है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड, कोहरा और खराब वायु गुणवत्ता को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।








