दिल्ली-NCR के लिए अगले 48 घंटे चुनौतीपूर्ण, कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का अलर्ट

SHARE:

दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश से जहां एक ओर लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर ठंड का असर और तेज होने वाला है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम समेत आसपास के इलाकों में सुबह हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे स्मॉग में कमी देखने को मिली और हवा की गुणवत्ता कुछ हद तक सुधरी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बारिश के बाद कई इलाकों का एयर क्वालिटी इंडेक्स पहले से बेहतर जरूर हुआ, लेकिन यह राहत अस्थायी साबित हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी। सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं के साथ घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि दिन में हल्की धूप निकल सकती है।

12 जनवरी तक सताएगी सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी को सुबह कोहरे का असर देखा गया। अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। 11 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरने का अनुमान है और 12 जनवरी तक ठंड व कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि इन दिनों के लिए कोई आधिकारिक चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन सुबह-शाम सर्दी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।

विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की गति धीमी होने के कारण प्रदूषक कण वातावरण में फंसे हुए हैं। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

AQI फिर खतरनाक स्तर पर
हल्की बारिश के बावजूद एनसीआर में प्रदूषण पूरी तरह काबू में नहीं आ पाया है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार दर्ज किया गया, जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है।

फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में ठंड, कोहरा और प्रदूषण का दोहरा असर लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है और आने वाले कुछ दिनों तक हालात में बड़े सुधार की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *