गाज़ा शांति समझौते पर पीएम मोदी ने दी ट्रंप और नेतन्याहू को बधाई, भारत-अमेरिका व्यापार पर हुई चर्चा
भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में हुए गाज़ा शांति समझौते का स्वागत किया है। इस समझौते के तहत इज़राइल और हमास ने गाज़ा में चल रही लड़ाई रोकने की घोषणा की है। समझौते की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रमशः राष्ट्रपति ट्रंप और इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की।
पीएम मोदी ने दोनों नेताओं को शांति प्रक्रिया में उनकी भूमिका और प्रयासों की सराहना करते हुए बधाई दी। ट्रंप से हुई बातचीत में दोनों देशों के बीच व्यापारिक समझौते और द्विपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
सोशल मीडिया एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा,
“मित्र डोनाल्ड ट्रंप से बात की और ऐतिहासिक गाज़ा शांति योजना की सफलता के लिए उन्हें बधाई दी। भारत-अमेरिका के बीच व्यापारिक वार्ता में हुई प्रगति उत्साहजनक है, और हम आगे भी संपर्क में रहेंगे।”
इसके कुछ ही देर बाद पीएम मोदी ने नेतन्याहू से भी बात की और कहा कि भारत बंधकों की रिहाई और गाज़ा के नागरिकों को मानवीय सहायता भेजने के फैसले का स्वागत करता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि आतंकवाद किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए ट्रंप की शांति योजना के पहले चरण पर हुए समझौते की सराहना की थी और उम्मीद जताई थी कि यह कदम क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में बड़ा मोड़ साबित होगा।
गुरुवार को मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर से भी मुलाकात की, जहां दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में शांति बहाली पर चर्चा की और समझौते का स्वागत किया।
पश्चिम एशिया में स्थिरता भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस क्षेत्र में करीब एक करोड़ भारतीय काम करते हैं और भारत की ऊर्जा सुरक्षा काफी हद तक सऊदी अरब, यूएई और कतर जैसे देशों पर निर्भर करती है। वहीं इज़राइल भारत का रक्षा सहयोगी है, जिससे कई अहम तकनीकी समझौते जुड़े हैं।








