मध्य दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में यूपीएससी की तैयारी कर रहे एक छात्र ने अपने पीजी में फंदा लगाकर आत्महत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त तरुण ठाकुर (25) के रूप में हुई है। शनिवार शाम को तरुण का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। मकान मालिक की सूचना के बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बाद में दरवाजा तोड़कर शव को पंखे से उतारा गया। पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। उसमें तरुण ने अपनी मौत के लिए खुद को ही जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने छानबीन के लिए मौके पर क्राइम टीम के अलावा एफएसएल को बुला लिया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बाद में पुलिस ने शव पीएम के लिए आरएमएल अस्पताल भेजा।
पुलिस ने तरुण का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। तरुण के परिजन दिल्ली पहुंच गए। पुलिस परिजनों के अलावा उसके दोस्तों व पीजी के छात्रों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने बताया कि तरुण का परिवार शरजन दत्ती, जम्मू में रहता है। इसके परिवार में पिता ऋषिपाल ठाकुर के अलावा अन्य सदस्य हैं। इसका बड़ा भाई देविंदर ठाकुर गुरुग्राम में रहकर जॉब कर रहा है। पिछले करीब एक साल से दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थिता पीजी में रहकर तरुण यूपीएससी की तैयारी कर रहा था।
शनिवार सुबह से ही तरुण के पिता उसे कॉल किए जा रहे थे, लेकिन उसका फोन नहीं उठ रहा था। परेशान होकर उन्होंने पीजी मालिक तनुज को कॉल कर बेटे की खैरियत देखने के लिए कहा। तनुत दूसरी मंजिल स्थित तरुण के कमरे के बाहर पहुंचा तो वह अंदर से बंद था। इस बीच उसने दूसरे छात्र की बालकनी से जाकर देखा तो वह अंदर पंखे के सहारे फंदे से लटका था।
फौरन परिजनों और पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। अब पुलिस उसकी मौत की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अलावा उसके मोबाइल को अच्छे से खंगाला जा रहा है।








