देशभर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों तक उत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है।
IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और झारखंड समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6-7 दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में सुबह से ही तेज आंधी और बारिश देखने को मिल रही है। लखनऊ, कानपुर, मेरठ और वाराणसी में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। बिहार में भी 7 से 10 मई के बीच बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि 10 मई के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम फिर बदल सकता है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी और लू का असर बढ़ सकता है, जबकि पूर्वी राजस्थान में तेज हवाओं और हल्की बारिश के संकेत हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
यह भी पढे
PA मर्डर पर भड़के सुवेंदु अधिकारी https://kinnitimes.com/?p=29768
‘BJP करेगी गुंडों की सफाई’ https://www.facebook.com/share/p/1DbZchxUCt/








