यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा

SHARE:

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर वोल्वो स्लीपर बस आगे चल रहे गिट्टी से लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए।

यह दुर्घटना थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन-112 के पास हुई। जानकारी के अनुसार, बस में करीब 65 यात्री सवार थे। तेज रफ्तार के कारण बस चालक समय रहते ट्रेलर से दूरी नहीं बना सका और बस पीछे से ट्रेलर में जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और पर्याप्त दूरी न बनाए रखना हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है।

यह भी पढे
दिल्ली के फेमस परिक्रमा रेस्टोरेंट में आग https://kinnitimes.com/?p=30798
Kinni Times
Author: Kinni Times