बागपत एनकाउंटर: 50 हजार का इनामी बदमाश विपुल उर्फ खूनी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 38 मुकदमे थे दर्ज

SHARE:

बागपत में शनिवार को मेरठ एसटीएफ और सिंघावली अहीर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश विपुल उर्फ खूनी मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार, विपुल कुख्यात अपराधी सुनील मूंछ गैंग का शार्प शूटर था और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट समेत गंभीर धाराओं में 38 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि शामली जिले के कांधला थाना क्षेत्र के भभीसा गांव का रहने वाला विपुल उर्फ खूनी बागपत के सैड़भर गांव के पास सिंचाई विभाग की कोठी के नजदीक मौजूद है। सूचना के आधार पर मेरठ एसटीएफ और सिंघावली अहीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी की।

घेराबंदी के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में विपुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके से पुलिस ने दो अवैध पिस्टल, कई कारतूसों के खोखे और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।

बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि विपुल लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹50 हजार का इनाम घोषित था। वह कई संगठित आपराधिक घटनाओं में वांछित था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

सबसे ज्यादा पड़ गई