नोएडा में ड्रग्स सिंडिकेट का खुलासा: चरस-कोकीन के बाद अब ओजी गांजा, ऑन डिमांड का है खेल; थाइलैंड से कनेक्शन

SHARE:

नोएडा 3 जून : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में देसी गांजा, चरस, कोकीन, एमडीएमए के बाद अब थाइलैंड-ताइवान के ओजी गांजे की डिमांड हो रही है। ओजी भी गांजा की प्रजाति है जो ताइवान में उगाई जाती है। इसमें भारतीय गांजे के मुताबिक अधिक नशा होता है। नोएडा पुलिस के ड्रग्स सिंडिकेट के खुलासे के बाद थाइलैंड के ओजी गांजे की मार्केट डिमांड का पता चला है। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। इस नशे के कारोबार में डार्क वेब व सोशल नेटवर्किंग साइट का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

दिल्ली-एनसीआर में ओजी गांजे की सबसे ज्यादा डिमांड

अब तक नोएडा व एनसीआर में गांजे की सप्लाई आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उड़ीसा, झारखंड से होती रही है और यहां से आने वाले खेप को नोएडा पुलिस पकड़ती भी रही है। एनसीआर में गांजे की सप्लाई के लिए तस्करों ने एक रेड कॉरिडोर बना रखा है। हांलाकि अब इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के खुलासे के बाद नए मॉड्यूल का पता चला है।

इस मॉड्यूल के तहत अब गांजे की खेप पूर्वोत्तर के शिलॉग, राजस्थान के उदयपुर से मंगाया जा रहा है। वहीं थाइलैंड-ताइवान के ओजी गांजा की डिमांड अब सबसे अधिक है। अब ताइवान से गांजा किस तरह मंगाया जा रहा है। इसकी तफ्तीश पुलिस कर रही है। ओजी गांजे के साथ एमडीएमए टैबलेट का भी खूब इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी मांग भी नोएडा- ग्रेटर नोएडा है। एमडीएमए टैबलेट के साथ हाल में ही कई आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

टेलीग्राम, स्नैपचैट से लेकर व्हाट्स पर डिमांड सप्लाई का खेल

इस सिंडिकेट में शामिल आरोपी डिमांड सप्लाई से जुड़े थे। ये सभी टेलीग्राम, स्नैपचैट, व्हाट्सएप के माध्यम से डिमांड लेकर सप्लाई करते थे। ऑर्डर लेने के बाद आरोपी ऑनलाइन व नकद रकम प्राप्त करते हैं और उसके बाद ग्राहक द्वारा बताए गए पते पर मादक पदार्थ पहुंचा दिया जाता है। गांजे की सप्लाई करने के लिए ये लोग मुख्य रूप से बाइक का इस्तेमाल करते हैं।
प्रति ग्राम दस हजार रुपये कीमत है ओजी गांजे की

थाइलैंड व ताइवान से आता है ओजी गांजा

ओजी गांजा उन्नत किस्म का होता है। इसमें सामान्य गांजे की तुलना में नशा भी अधिक होता है। थाइलैंड व ताइवान से लाए गए ओजी गांजा प्रति ग्राम दस हजार रुपये में बेचा जाता है। डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि पुलिस की टीम ने नशीला पदार्थ सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है। इस गिरोह का थाइलैंड कनेक्शन सामने आया है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *