दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड अब ढीली पड़ती दिख रही है। साफ आसमान और खिली धूप ने लोगों को राहत दी है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर आने वाले दिनों में पहाड़ी राज्यों में दिखाई देगा।
दिल्ली-NCR में आज दिन भर धूप रहेगी। अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री और न्यूनतम करीब 11 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह हल्की धुंध रह सकती है, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। वहीं AQI अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में है, जो 260 के आसपास दर्ज किया गया। तेज हवाओं से हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार की उम्मीद है।
हरियाणा के कई जिलों में 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं। गुरुग्राम और फरीदाबाद में दिन का तापमान सामान्य के करीब रहेगा, हालांकि रात में हल्की ठंड बनी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में हाल की हल्की बारिश के बाद मौसम साफ हो रहा है। तराई क्षेत्रों में घना कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है। अगले 24 घंटों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है।
पहाड़ी राज्यों में बदलाव
9 फरवरी की रात से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की शुरुआत हो सकती है। 10 फरवरी को कश्मीर में तेज हवाओं और बिजली के साथ बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में 9-10 फरवरी को बर्फबारी का अनुमान है, जबकि शिमला और मंडी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में 9 से 11 फरवरी के बीच पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, वहीं मैदानी इलाकों में घना कोहरा रह सकता है।
फिलहाल कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। हिमाचल में दिन का तापमान थोड़ा बढ़ा है, लेकिन नए सिस्टम के प्रभाव से अगले 48 घंटों में फिर गिरावट आ सकती है।








