दौसा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रेलर से टकराई कार, 6 दोस्तों की मौत

SHARE:

राजस्थान के दौसा जिले में जयपुर–आगरा नेशनल हाईवे (NH-21) पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें छह युवकों की जान चली गई। हादसा सिकंदरा थाना क्षेत्र के कैलाई गांव के पास रात करीब 11 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, कालाखो गांव के रहने वाले छह दोस्त कार से सफर कर रहे थे। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी लेन में चली गई। सामने से आ रहे ट्रेलर से कार की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अधिकांश की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि एक युवक को गंभीर हालत में जयपुर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान लोकेश योगी, दिलखुश योगी, मनीष योगी, समय सिंह योगी, अंकित बैरवा और नवीन के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अलग-अलग अस्पतालों की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। गांव में शोक का माहौल है।

Kinni Times
Author: Kinni Times

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *