राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि सुबह के समय तापमान कुछ इलाकों में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को तेज ठंड और गलन का सामना करना पड़ेगा।
शनिवार को दिल्ली में इस सर्दी की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री कम था। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिसका असर करीब 10 बजे तक बना रहा। बाद में धूप निकलने से मौसम कुछ साफ हुआ और लोगों को राहत मिली।
कोहरे से बिगड़ी दृश्यता
आईएमडी के मुताबिक सुबह पालम इलाके में घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई थी। धीरे-धीरे इसमें सुधार हुआ और सुबह 9 बजे के बाद दृश्यता बढ़कर 100 मीटर तक पहुंची। सफदरजंग इलाके में भी सुबह के समय दृश्यता 200 से 300 मीटर के बीच रही। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई।
दिन में धूप, सुबह-शाम गलन
शनिवार को अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो जनवरी में पहली बार 20 डिग्री के पार पहुंचा। हालांकि सुबह और शाम ठंड का असर बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार और सोमवार को भी शीतलहर जारी रह सकती है और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक गिरने की संभावना है।
प्रदूषण बढ़ने की आशंका
ठंड और स्थिर हवाओं के कारण प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है। शनिवार सुबह प्रदूषण में बढ़ोतरी देखी गई, हालांकि धूप निकलने के बाद इसमें कुछ कमी आई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली का एक्यूआई 346 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। पूर्वानुमान है कि अगले दस दिनों तक राजधानी और आसपास के इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह के समय सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।








